गदरपुर । (राजतंत्र टाइम्स) ऊधम सिंह नगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार करोड़ 54 लाख रुपये के असली एवं नकली नोट बरामद कर फर्जी करेंसी रैकेट का पर्दाफाश, किया है। साथ ही दो शातिर आरोपितों को पकड़ भी लिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अभियान के अंतर्गत गदरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक अपराध/पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के कुशल पर्यवेक्षण एवं गदरपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में कोतवाली गदरपुर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु/वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इस बीच सैफ्टा फार्म रोड पर पंचपुरी गूलरभोज के पास स्थित एक खोखे में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर दबिश देकर दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं तलाशी ली। जिनके कब्जे से भारी मात्रा में असली एवं नकली नोट बरामद हुए। बरामद नोटों की जांच करने पर पाया गया कि कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” अंकित नकली नोट रखे गए थे। जिससे आम लोगों को आसानी से धोखा दिया जा सके। पुलिस द्वारा मौके से कुल लगभग 04 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली एवं नकली नोट बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह मामला बड़े स्तर पर नकली नोटों को खपाने एवं आर्थिक अपराध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि नकली नोट कहां से लाए किन लोगों के माध्यम से इनकी सप्लाई हो रही थी तथा इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।आरोपित मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर वार्ड नं0 06 थाना बाजपुर जनपद ऊधम सिंह नगर, मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज थाना गदरपुर जनपद ऊधम सिंह नगर है। 18 गड्डी 500 रुपये के नकली नोट, प्रत्येक गड्डी में 200 नोट मिले हैं। 20 गड्डी 500 रुपये के नोट, जिनमें ऊपर असली एवं नीचे नकली नोट पाए गए। 22 गड्डी 500 रुपये के नोट, जिनमें अधिकांश नोट “Children Bank of India” अंकित नकली पाए गए। 12 गड्डी 500 रुपये के नोट, जिनमें ऊपर असली एवं नीचे नकली नोट पाए गए।15 गड्डी 500 रुपये के नोट, जिनमें मुख्य नोट असली एवं नीचे नकली नोट पाए गए। एक काला-सफेद धारीदार बैग, जिसमें 157 गड्डी 500-500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए।


