हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंचे श्रद्धालु, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ लौटे अपने गंतव्य
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स) सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा में शामिल उत्तराखंड के श्रद्धालुओं का दल शनिवार, 19 जुलाई 2026 की प्रातः 8 बजे हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंचा। यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
यात्रा में शामिल अधिकांश श्रद्धालु कुमाऊँ एवं गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जनपदों के साथ ही हरिद्वार जनपद से जुड़े थे। हर्रावाला पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार रेलवे स्टेशन से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। पतंजलि, गायत्री तीर्थ शांतिकुंज और परमार्थ निकेतन से जुड़े तीर्थयात्रियों ने भी हरिद्वार से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का हिस्सा बनकर उन्हें आध्यात्मिक शांति, आत्मिक संतोष और असीम तृप्ति का अनुभव हुआ। श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गौरव से ओत-प्रोत यह यात्रा अटूट आस्था की एक गौरवगाथा बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


