देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स) उत्तराखंड राज्य सरकार ने अपने कार्मिकों एवं पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते में वृद्धि का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्र सरकार की तर्ज पर 01 जनवरी 2026 से राज्य सरकार के कार्मिकों एवं पेंशनरों को मिलने वाले महंगाई भत्ते को 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह करने का अनुमोदन प्रदान किया है।
सरकार के इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों एवं पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों के लिए कुल ₹50 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें चम्पावत जनपद के कोतवाली पंचेश्वर में टाइप द्वितीय के 06 आवासों एवं चाहरदीवारी निर्माण हेतु ₹3.13 करोड़ तथा थाना रीठासाहिब में आवास निर्माण हेतु ₹3.47 करोड़ की स्वीकृति शामिल है।
नैनीताल जनपद के हल्द्वानी फायर स्टेशन में टाइप द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के आवास निर्माण के लिए ₹36.64 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा अल्मोड़ा जनपद के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण हेतु ₹5.91 करोड़ तथा चमोली जनपद के थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्वालदम बाजार में वाहन पार्किंग निर्माण हेतु ₹61.57 लाख की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
सरकार ने इन निर्णयों को राज्य के कर्मचारियों के हितों और बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।


