रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी के निर्देशा पर जनपद ऊधम सिंह नगर में सड़क सुरक्षा, ओवरलोडिंग की रोकथाम तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रुद्रपुर, किच्छा, पुलभट्टा, सितारगंज एवं खटीमा क्षेत्र में दिनांक 27 एवं 28 जुलाई, 2026 को प्रवर्तन दल रुद्रपुर द्वारा चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कुल 37 चालान किए गए तथा 14 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के अंतर्गत 12 माल वाहनों एवं 2 यात्री वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त ओवरलोड संचालन पाए जाने पर 12 माल वाहनों तथा 5 यात्री वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा यातायात नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जनपद में इस प्रकार के प्रवर्तन अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
विभाग द्वारा समस्त वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित क्षमता से अधिक भार अथवा यात्रियों का परिवहन न करें तथा मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार परिवहन व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।


