चम्पावत । (राजतंत्र टाइम्स)। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को शारदा नदी तट स्थित खेतखेड़ा क्षेत्र का निरीक्षण कर कराए जा रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर किये गए कार्यों की प्रगति की संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने शारदा नदी के बढ़े हुए जलस्तर का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के लोग विशेष सावधानी बरतें और किसी भी स्थिति में नदी के किनारे न जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी जलस्तर एवं नदी की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड रघुवर दत्त भट्ट, सहायक अभियंता मनोज तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप कीर्ति तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


