- नोटिस की सुनवाई के दौरान फील्ड विजिट करें जिलाधिकारी- सीईओ
- दस्तावेजों के सत्यापन के लिए सम्बंधित विभागों के नोडल करें तैनात
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण में मतदाताओं को जारी नोटिस एवं सुनवाई के सम्बंध में विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों की नोटिस की सुनवाई के लिए बनाई गई कार्ययोजना की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं उन्हें ससमय नोटिस प्राप्त हो और सुनवाई के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि ईआरओ और एईआरओ की सहायता हेतु डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील सहित सम्बंधित विभागों से नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विधानसभा क्षेत्रों की फील्ड विजिट कर नियमित समीक्षा करें ।
बैठक के दौरान यह बताया गया कि सभी जनपदों में शतप्रतिशत नोटिस प्रिटिंग कर ईआरओ और बीएलओ स्तर पर पहुंचा दिए गए हैं। इसके अतरिक्तं सुनवाई का कार्य भी शुरु हो गया है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।


