“हर खेत को पानी” अभियान को मिल रही नई मजबूती, जिओलाइन सिंचाई टैंकों से चम्पावत में बदल रही किसानों की तस्वीर

Share Now

 

“हर खेत को पानी” अभियान को मिल रही नई मजबूती, जिओलाइन सिंचाई टैंकों से चम्पावत में बदल रही किसानों की तस्वीर

चम्पावत । (राजतंत्र टाइम्स) मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत में संचालित प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं जिला योजना के अंतर्गत जनपद में “हर खेत को पानी” के संकल्प को साकार करने हेतु जिओलाइन सिंचाई टैंकों का निर्माण कराया जा रहा है।

इन योजनाओं के माध्यम से वर्षा आधारित क्षेत्रों में किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कृषि को अधिक सशक्त, लाभकारी एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिओलाइन सिंचाई टैंक किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। इन टैंकों के निर्माण में लगभग ₹5.50 प्रति लीटर की लागत आ रही है, जबकि इनके माध्यम से कृषक अपनी नगदी फसलों, विशेषकर सब्जियों एवं बागवानी फसलों को समय पर “लाइव सेविंग इरिगेशन” उपलब्ध करा पा रहे हैं।

इससे फसलों की गुणवत्ता एवं उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है और किसानों की आय में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।

प्रत्येक जिओलाइन सिंचाई टैंक प्रतिवर्ष लगभग 1.5 हेक्टेयर क्षेत्रफल को सिंचाई सुविधा प्रदान कर रहा है। इससे वर्षा पर निर्भर खेती करने वाले किसानों को सूखे एवं अनियमित बारिश के दौरान भी फसलों को सुरक्षित रखने में सहायता मिल रही है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं जिला योजना के समन्वित प्रयासों से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 174 जिओलाइन सिंचाई टैंकों का निर्माण कराया गया है। इन टैंकों के निर्माण से किसानों को खेती-किसानी में बड़ी राहत मिली है तथा जल संरक्षण के साथ-साथ कृषि उत्पादन को भी नई दिशा मिल रही है।

जनपद चंपावत के विकासखंड लोहाघाट अंतर्गत ग्राम ठांडा में निर्मित जिओलाइन सिंचाई टैंक प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के सफल क्रियान्वयन का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह टैंक स्थानीय कृषकों के लिए वर्षभर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा क्षेत्र में नगदी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *