रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स) महिला कल्याण विभाग द्वारा किड्स कैरियर पब्लिक स्कूल, शिवपुरम गंगापुर जनपद ऊधम सिंह नगर में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य बालक-बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति से डॉ. श्रीमती रत्नेश (अध्यक्ष) एवं श्री गौरव तागरा, चाइल्ड हेल्पलाइन से केंद्र समन्वयक श्रीमती चांदनी रावत तथा केस वर्कर गोविन्द सिंह पांगती उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच, बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस दौरान बच्चों को बताया गया कि यदि कोई बालक या बालिका खोया हुआ मिले, भीख मांगते हुए दिखाई दे अथवा असुरक्षित परिवेश में रह रहा हो और देखरेख की आवश्यकता हो, तो इसकी सूचना जिला बाल कल्याण समिति या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रेखा जोशी, समस्त विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से बच्चों को सुरक्षा, जागरूकता एवं सहायता सेवाओं के प्रति संवेदनशील बनाया गया।


