रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)शहर की मटके वाली गली में बीती रात चार बड़े ब्रांडेड शोरूमों में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना के बाद शहर के प्रथम नागरिक और महापौर विकास शर्मा तुरंत एक्शन में आ गए हैं। व्यापारिक हितों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर महापौर ने पुलिस के आलाधिकारियों के साथ सीधे घटनास्थल का दौरा किया और पूरी घटना का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। महापौर विकास शर्मा ने निर्माणाधीन भवन की छत से लेकर शोरूमों के भीतर जाने वाले रास्तों और तोड़े गए दरवाजों का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की और यह समझने का प्रयास किया कि किस प्रकार तीन नकाबपोश चोरों ने कटर और सब्बल के दम पर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मुख्य बाजार में हुई इस दुस्साहसिक घटना पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की।

घटनास्थल से ही महापौर विकास शर्मा ने ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से फोन पर वार्ता की। मेयर ने एसएसपी से कानून व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा पर चर्चा करते हुए कहा कि बाजार के बीचों-बीच ऐसी वारदात होना कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है। उन्होंने एसएसपी से मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने, चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी करने और व्यापारियों का चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद करने का कड़ा आग्रह किया।
पीड़ित व्यापारियों को ढांढस बंधाते हुए महापौर ने कहा कि किसी भी व्यापारी भाई को घबराने या आशंकित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हर सुख-दुख और परिस्थिति में वह पूरी मजबूती के साथ व्यापारी समाज के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीमें तेजी से काम कर रही हैं और बहुत जल्द यह मामला बेनकाब होगा।


