सचिवालय में ‘रन फॉर हेल्थ’ दौड़ में कार्मिकों ने दिखाया दमखम, फिटनेस का दिया संदेश
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स) सचिवालय एथलेटिक्स एंड फिटनेस क्लब के तत्वावधान में सचिवालय परिसर में ‘रन फॉर हेल्थ’ दौड़ का आयोजन उत्साह और जोश के साथ किया गया। यह दौड़ सचिवालय एटीएम चौक से शुरू होकर पुनः वहीं आकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर सचिव संतोष बड़ौनी एवं सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य “पूरा सचिवालय – दौड़ेगा” के संदेश के साथ सचिवालय परिवार के सदस्यों को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
दौड़ में सचिवालय परिवार की 80 से अधिक महिला और पुरुष कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा उत्साह के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस के प्रति जागरूकता और ऊर्जा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष ललित चन्द्र जोशी, महासचिव राजेंद्र जोशी, मुख्य सलाहकार जीवन सिंह बिष्ट, रीता कौल, प्रमिला टम्टा, गोदावरी रावत, भुवन चंद जोशी, दिनेश घींगा, सुभाष लोहनी, विद्यादत्त जोशी, भूपेंद्र सिंह, गजपाल सिंह सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


